शारीरिक शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को 9 सूत्री मांगों का सौंपा ज्ञापन....
सामाजिक

बंशीलाल धाकड़ राजपुरा
Updated : June 26, 2025 09:29 PM

बड़ीसादड़ी। राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष हापु राम चौधरी के नैतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से मिल कर तृतीय श्रेणी स्थानांतरण व शारीरिक शिक्षकों की पदोन्नतियों सहित 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रदेश संगठन मंत्री हरीश चंद्र जोशी ने बताया कि पिछले 7 वर्षों से तृतीय श्रेणी के स्थानांतरण नहीं हुए हैं। हर बार स्थानांतरण नीति का हवाला दिया जाता है, जो आज दिन तक बनकर तैयार नहीं हुई है। साथ ही तृतीय श्रेणी शारीरिक शिक्षकों की पदोन्नतियां बहुत कम हो रही हैं। 1995 - 96 में नियुक्त तृतीय श्रेणी शारीरिक शिक्षक की 2024 में द्वितीय श्रेणी के पद पर 30 साल बाद पदोन्नति हो रही हैं जो चिंताजनक है, पदों के अनुपातिक पदोन्नतियां नहीं हो रही है, साथ ही 2 व अधिक फैकल्टी वाले विद्यालयों में व्याख्याता शारीरिक शिक्षा व तृतीय श्रेणी शारीरिक शिक्षक का पद देने, प्रत्येक उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के बाद दूसरा पद शारीरिक शिक्षक का देना, कक्षा 6 से दसवीं तक निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध करवाना, प्रत्येक ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में खेल समन्वयक व्याख्याता शारीरिक शिक्षा का पद स्वीकृत करना, पीएम श्री विद्यालयों में व्याख्याता शारीरिक शिक्षा के पद स्वीकृत करना ,विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए "राइट टू प्ले "कानून बनाना, उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा का नाम बदलकर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा किया करना, प्रारंभिक शिक्षा विभाग में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा के पद स्वीकृत करना, अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में तृतीय श्रेणी शारीरिक शिक्षक की नियुक्ति हो। प्रतिनिधि मंडल द्वारा मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने पर चित्तौड़गढ़ जिला शारीरिक शिक्षक संघ कार्यकारिणी पदाधिकारी ओंकार लाल जाट, पूरणमल शर्मा, श्याम सिंह चौहान, सुरेश चंद्र शर्मा, दिनेश चंद्र पुरोहित, अजयपाल सिंह चुंडावत, गंगाराम जणवा, ऐलीराम लोहार, धर्मेंद्र त्रिपाठी व खूबी लाल मेनारिया आदि शारीरिक शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया है।