सरवानिया महाराज में आम आदमी पार्टी ने मनाया मजदूर दिवस, श्रमिकों का किया सम्मान...
राजनीति
बबलु माली
Updated : May 01, 2026 10:19 AM
सरवानिया महाराज :- नगर में आम आदमी पार्टी द्वारा 1 मई को मजदूर दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मजदूर साथियों का सम्मान करते हुए उन्हें माला पहनाई गई तथा वरिष्ठ मजदूरों को साफा बांधकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉ. राजू पाल ने कहा कि मजदूर किसी भी देश की रीढ़ की हड्डी होते हैं। उनके बिना न तो देश की उन्नति संभव है और न ही विकास। मजदूर अपने खून-पसीने से देश निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती महंगाई के कारण मजदूरों का जीवन यापन कठिन होता जा रहा है। निजी क्षेत्र में 12-12 घंटे काम के बावजूद कम वेतन मिलना भी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सोच है कि सरकारी उपक्रमों को बढ़ावा मिले ताकि मजदूरों को उनकी मेहनत का उचित हक मिल सके और वे अपने परिवार का बेहतर पालन-पोषण कर सकें। इस दौरान संयुक्त सचिव चितरंजन गहलोत, किशन कहार, प्रहलाद रेगर, भंवरलाल जबड़ा, जगदीश पाल और मोहन मेघवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में मिठाई वितरित कर समापन किया गया।