सीबीएन ने ललितपुर, उत्तर प्रदेश में 86.400 किलोग्राम गांजा जब्त किया....
अपराध

रामेश्वर नागदा नीमच
Updated : August 27, 2025 07:11 AM

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपने निरंतर अभियान के तहत, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन), मध्य प्रदेश इकाई ने गांजे की एक बड़ी खेप को सफलतापूर्वक पकड़ा है। विशिष्ट सूचना के आधार पर, सीबीएन अधिकारियों की एक निवारक टीम ने 25.08.2025 को ललितपुर (उत्तर प्रदेश) के विघाखेत टोल प्लाजा पर एक वाहन को रोककर 86.400 किलोग्राम गांजा जब्त किया। विश्वसनीय सूचना मिलने पर कि दिल्ली पंजीकरण वाली एक मारुति स्विफ्ट डिजायर कार ओडिशा से नोएडा भारी मात्रा में गांजा ले जा रही है, सीबीएन नीमच के अधिकारियों की एक विशेष टीम गठित की गई और 24.08.2025 को रवाना की गई। टीम ने 25.08.2025 की मध्यरात्रि से संदिग्ध मार्ग पर कड़ी निगरानी रखी। 25.08.2025 की सुबह, अधिकारियों ने विघाखेत टोल प्लाजा पर संदिग्ध वाहन की पहचान कर उसे सफलतापूर्वक रोक लिया। वाहन की गहन तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखा गया 86.400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कार और उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद, प्रतिबंधित सामान, वाहन और अन्य संबंधित सामग्री जब्त कर ली गई है। पकड़े गए दोनों व्यक्तियों को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। यह मामला मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने और संगठित मादक पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के सीबीएन के निरंतर अभियान में एक और महत्वपूर्ण सफलता का प्रतीक है। आगे की जाँच जारी है।