नगर पालिका प्रशासन की हठधर्मिता से टैगोर मार्ग पर उड़ रहे हैं धूल के गुब्बार, शहरवासी परेशान - श्री यादव, भ्रष्टाचार में लिप्त नपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे, सत्ता पक्ष के पार्षद भी नाराज...
सामाजिक
रामेश्वर नागदा नीमच
Updated : December 13, 2025 01:22 PM
नीमच। भाजपा के पूर्ण बहुमत वाली नीमच नगर पालिका परिषद के इस कार्यकाल में लगता है भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूटने वाले हैं। शहर वासियों को मूलभूत सुविधाएं तक मुहैया नहीं हो पा रही है। शहर में जर्जर सड़कों से उड़ते धूल के गुब्बारों के बीच आमजनता को जीवन यापन करना पड़ रहा है। नगर पालिका परिषद की हठधर्मिता के चलते आज शहर की तमाम सडके विशेष कर शहर का मुख्य टैगोर मार्ग पूरी तरह से जर्जर होकर सैकड़ो गढ्डों से भरा पड़ा है। टैगोर मार्ग पर नई सड़क बनाने की बजाए नगर पालिका ने कुछ समय पहले मात्र पेचवर्क करके अपने कर्तव्य से पल्लू झाड़ लिया था। वह पेचवर्क आज सड़क से पूरी तरह से गायब हो चुका है और शहर की मुख्य सड़क गढ्डों से भरी पड़ी है। शहर में टैगोर मार्ग की हालत इससे पहले कभी इतनी ज्यादा खराब नहीं हुई। ऐसी दयनीय स्थिति होने के बाद भी नपाध्यक्ष को शहर की समस्या दिखाई नहीं दे रही है, अगर वे जनता को मूलभूत सुविधाएं मुहैया नहीं कर पा रही है तो नैतिकता के नाते उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उक्त आरोप लगाते हुए कांग्रेस सेवादल नीमच के जिलाअध्यक्ष गजेंद्रसिंह यादव (ठेकेदार) ने कहां की भाजपा के शासनकाल में आज देश, प्रदेश के साथ नीमच नगरपालिका में जमकर भ्रष्टाचार का खेल खेला जा रहा है। सरकारी जमीनों की बंदर बांट हो रही है वहीं जहां कहीं भी नए निर्माण कार्य हो रहे हैं वह सभी भ्रष्टाचार के चलते इतनी घटिया स्तर से पूर्ण हो रहे हैं जो कुछ दिनों में ही खराब होकर जनता की परेशानी का कारण बन रहे हैं। श्री यादव ने कहां की आज शहर में मुख्य मार्गों पर ही धूल और गिट्टी उड़ रही है। लेकिन नपा अध्यक्ष को शहर वासियों की पीड़ा दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने तो सिर्फ सड़क के गढ्डों पर पेंचवर्क करके पल्लू झाड़ लिया है। श्री यादव ने कहा कि इतिहास में पहली बार ऐसा होगा कि शहर के मुख्य व्यावसायिक टैगोर मार्ग की हालत इन दिनों हद से ज्यादा खराब हो रही है। श्री यादव ने कहा कि अगर शहर की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है तो भाजपा के पूर्ण बहुमत वाली नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष एवं पार्षदों को नैतिकता के नाते अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। साथ ही क्षेत्र के विधायक एवं सांसद को भी अपने पद छोड़ देना चाहिए क्योंकि जब कभी भी शहर की कोई भी समस्या उनके समक्ष पहुंचती है, तो वे यह कहकर पल्लू झाड़ लेते हैं कि नगर पालिका परिषद में हमारी कोई सुनवाई ही नहीं हो रही है। श्री यादव ने कहां की यह कैसी विडंबना है कि नीचे से ऊपर तक भाजपा का राज होने के बाद भी भाजपा के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि ही आम जनता के सामने ऐसे बयान देकर अपने कर्तव्य से पल्लू झाड़ रहे हैं। श्री यादव ने कहा कि वर्तमान नपा परिषद द्वारा जमकर भ्रष्टाचार का खेल खेला जा रहा है। नपाध्यक्ष अपने सत्ता पक्ष के पार्षदों को भी संतुष्ट नहीं कर पा रही है। सीवर लाइन मामले में भाजपा पार्षदों की आपत्ति होने के बाद भी संबंधित कंपनी को नपाध्यक्ष द्वारा पूरा भुगतान करने के मामले ने यह सिद्ध कर दिया है।